काशी में नर्सिंग छात्रा की संदिग्ध मौत, गर्भपात की दवा खिलाने के आरोप में छात्र गिरफ्तार
वाराणसी :- वाराणसी में एक नर्सिंग छात्रा की मौत के मामले में पुलिस ने उसके सहपाठी और कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवक ने गर्भवती छात्रा को बिना चिकित्सकीय परामर्श के गर्भपात की दवा दी, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतका जीएनएम (GNM) द्वितीय वर्ष की छात्रा थी और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। उसके पिता उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही हैं और वर्तमान में चंदौली में तैनात हैं। परिवार वाराणसी में रहता है। मामले में गिरफ्तार युवक की पहचान जौनपुर जनपद के मीरगंज थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद समीर के रूप में हुई है, जो उसी संस्थान में नर्सिंग तृतीय वर्ष का छात्र है।
क्या है मामला?
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छात्रा लगभग तीन माह की गर्भवती थी। पुलिस के मुताबिक, इस संबंध में दोनों के बीच बातचीत हुई थी। आरोप है कि युवक ने गर्भपात कराने का दबाव बनाया और बाद में बिना डॉक्टर की सलाह के गर्भपात संबंधी दवाएं उपलब्ध कराईं।
पुलिस का कहना है कि दवा लेने के बाद छात्रा की तबीयत बिगड़ने लगी और उसे अत्यधिक रक्तस्राव की शिकायत हुई। हालत गंभीर होने पर उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी युवक वहां से चला गया था।
जांच में क्या मिला?
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया। कमरे से कुछ दवाइयों के रैपर और अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।
जांच के दौरान पुलिस ने छात्रा के परिजनों, हॉस्टल कर्मियों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की। इसके आधार पर युवक की तलाश शुरू की गई और उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की विवेचना जारी है।
मेडिकल स्टोर की भूमिका की भी जांच
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि संबंधित दवाएं किस मेडिकल स्टोर से खरीदी गईं और क्या उन्हें नियमानुसार बेचा गया था। यदि बिना वैध चिकित्सकीय परामर्श या निर्धारित प्रक्रिया के दवाओं की बिक्री पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ भी ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट सहित अन्य प्रासंगिक कानूनों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


No comments