वाराणसी: 17 वर्षीय किशोरी का अपहरण कर जबरन शादी के लिए बेचने का आरोप, महिला समेत पांच गिरफ्तार
वाराणसी :- चौबेपुर थाना क्षेत्र से एक नाबालिग किशोरी के अपहरण कर उसे जबरन विवाह कराने के उद्देश्य से एक लाख रुपये में बेचने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए महिला सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता के परिजनों ने 5 जुलाई को चौबेपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी करीब 17 वर्षीय भतीजी का अपहरण कर उसे दूसरे जिले में जबरन शादी कराने के लिए एक लाख रुपये में बेच दिया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने 11 जुलाई को चौबेपुर क्षेत्र के गोपालपुर गांव से शिवधनी (34), राहुल भारद्वाज (31) और मैना देवी (42) को गिरफ्तार किया। वहीं, मामले में शामिल मोहित निवासी धराऊ, जनपद बुलंदशहर और नेम सिंह निवासी बदनपुर, जनपद मथुरा को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों के प्रति पुलिस पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। इस मामले में भी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

No comments