दुकान में घुसकर बुजुर्ग महिला से चेन लूटने वाला बदमाश गिरफ्तार, लूटी गई चेन और चोरी की बुलेट बरामद
वाराणसी :- सारनाथ थाना पुलिस ने बुजुर्ग महिला से चेन लूट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटी गई करीब 9.09 ग्राम वजन की सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 6 जुलाई को खजुही निवासी मोहित कुमार गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 71 वर्षीय मां अपनी दुकान पर मौजूद थीं। इसी दौरान बाइक से पहुंचे दो बदमाश दुकान के अंदर घुस आए। आरोपियों ने महिला के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की तथा उनके गले से सोने की चेन छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद सारनाथ थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शनिवार तड़के हवेलिया क्रॉसिंग के पास से विजय चौहान उर्फ लकी (20) निवासी लालपुर, लोहता को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि घटना में इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल अस्सी घाट क्षेत्र से चोरी की गई थी। रेकी करने के बाद दोनों ने बुजुर्ग महिला को निशाना बनाया। आरोपी लूटी गई चेन बेचने जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई चेन और चोरी की बुलेट बरामद कर ली है। अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से भी विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके फरार साथी की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

No comments