काशी में कांग्रेस का केंद्र सरकार पर हमला, रागिनी नायक ने राम मंदिर ट्रस्ट और पीएम मोदी से मांगा जवाब
वाराणसी :- कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक ने शनिवार को वाराणसी में आयोजित प्रेस वार्ता में राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा और चढ़ावा अनियमितता के मुद्दे पर केंद्र सरकार और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि भगवान राम के नाम पर श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चंदे को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देश को मिलना चाहिए।
रागिनी नायक ने कहा कि देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं ने राम मंदिर निर्माण में आस्था के साथ सहयोग किया था। ऐसे में यदि चंदे और चढ़ावे में किसी प्रकार की अनियमितता या वित्तीय गड़बड़ी के आरोप सामने आते हैं, तो इससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2020 में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का गठन किया था और मंदिर निर्माण की पूरी जिम्मेदारी इसी ट्रस्ट को सौंपी गई थी। ऐसे में ट्रस्ट की कार्यप्रणाली और वित्तीय मामलों पर उठ रहे सवालों पर सरकार अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हट सकती। उनका कहना था कि यदि जांच में अनियमितताओं की पुष्टि होती है तो जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।
कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि राम मंदिर से जुड़े मामलों में कई गंभीर तथ्य सामने आ रहे हैं और कथित रूप से कई चोरी की घटनाओं की जांच चल रही है। उन्होंने दावा किया कि ट्रस्ट के कुछ पदाधिकारियों की चुप्पी भी सवाल खड़े कर रही है। साथ ही उन्होंने प्राण प्रतिष्ठा समारोह के खर्च और आय के आंकड़ों को लेकर भी सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
रागिनी नायक ने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि पूरे प्रकरण की जांच सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में कराई जाए, चंदे और चढ़ावे का फॉरेंसिक ऑडिट कराया जाए तथा यदि किसी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस पूरे मामले पर देश के सामने अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे, संजीव सिंह, गुलशन अली, डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, दिलीप चौबे, अरुण सोनी, वकील अंसारी, अनुराधा यादव, अब्दुल हमीद डोडे, विकास कौण्डिल्य, रोहित दुबे, परवेज खान, किशन यादव, अरविंद सेठ, रामजी गुप्ता सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments