वाराणसी कैंट स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई: 1.92 करोड़ का सोना पकड़ा गया, सूरत के दो युवक जांच के दायरे में
वाराणसी :- सावन के दौरान रेलवे स्टेशनों पर चल रहे विशेष सुरक्षा अभियान के बीच वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में सोने के आभूषण बरामद किए हैं। अधिकारियों के अनुसार जब्त ज्वेलरी की अनुमानित कीमत करीब 1.92 करोड़ रुपये है।
चेकिंग के दौरान प्लेटफॉर्म क्षेत्र में दो युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते मिले। पूछताछ के बाद उनके सामान की तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में सोने के आभूषण मिले। दोनों युवक गुजरात के सूरत निवासी बताए जा रहे हैं और फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक युवकों से ज्वेलरी के स्वामित्व और परिवहन से जुड़े दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे मौके पर कोई संतोषजनक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद मामले की सूचना आयकर विभाग को दी गई है और विभागीय टीम को आगे की जांच के लिए बुलाया गया है।
आरपीएफ कैंट के इंस्पेक्टर संदीप यादव ने बताया कि बरामद ज्वेलरी को सुरक्षित रख लिया गया है तथा दोनों युवकों को जीआरपी थाना परिसर में पूछताछ के लिए रोका गया है। आयकर विभाग के पहुंचने के बाद ज्वेलरी के स्रोत, स्वामित्व और संभावित गंतव्य की विस्तृत जांच की जाएगी।
सावन को देखते हुए वाराणसी मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।

No comments