श्रावण 2026: बाबा विश्वनाथ के दर्शन की तैयारियां पूरी, VIP दर्शन पर पूर्ण रोक; काशीवासियों के लिए अलग व्यवस्था
वाराणसी। आगामी श्रावण मास (30 जुलाई से 28 अगस्त 2026) को लेकर श्री काशी विश्वनाथ धाम में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मंगलवार को धाम स्थित बोर्ड रूम में वाराणसी मंडल के आयुक्त एस. राजलिंगम और पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन, भीड़ प्रबंधन, चिकित्सा, पेयजल, पार्किंग, साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था सहित सभी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण सहित प्रशासन, पुलिस, सीआरपीएफ, एनडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
VIP दर्शन पूरी तरह बंद
मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरे श्रावण मास में किसी भी प्रकार के VIP, प्रोटोकॉल या विशेष दर्शन की अनुमति नहीं होगी। किसी भी व्यक्ति की विशेष दर्शन संबंधी सिफारिश स्वीकार नहीं की जाएगी। श्रद्धालुओं से केवल सामान्य कतार के माध्यम से दर्शन करने की अपील की गई है। साथ ही दलालों और फर्जी विशेष दर्शन के झांसे से बचने की भी सलाह दी गई है।
काशीवासियों के लिए अलग दर्शन व्यवस्था
श्रावण सोमवार और प्रमुख पर्वों को छोड़कर प्रतिदिन सुबह 4 से 5 बजे तथा शाम 4 से 5 बजे तक काशीवासियों के लिए झांकी दर्शन की विशेष व्यवस्था रहेगी, ताकि स्थानीय श्रद्धालुओं को भी सुगमता से बाबा के दर्शन मिल सकें।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम
श्रावण में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने इस बार कई अतिरिक्त व्यवस्थाएं की हैं—
- जिग-जैग रेलिंग पर दोनों ओर मजबूत बैरिकेडिंग।
- कतारों में इंडस्ट्रियल एयर कूलर की व्यवस्था।
- नियमित अंतराल पर शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
- ओआरएस, प्राथमिक उपचार और चिकित्सकीय टीम की तैनाती।
- वृद्ध, दिव्यांग और अशक्त श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क गोल्फ कार्ट एवं ई-रिक्शा सेवा।
- पूरे धाम और गोदौलिया से मैदागिन तक आधुनिक पीए सिस्टम।
- सीसीटीवी, विद्युत व्यवस्था और सुरक्षा उपकरणों की विशेष निगरानी।
- धाम के आसपास लटक रहे बिजली के तारों को व्यवस्थित करने के निर्देश।
खाली पेट कतार में न लगें
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि भारी भीड़ के कारण दर्शन में समय लग सकता है। इसलिए खाली पेट कतार में न लगें और आवश्यकतानुसार पानी एवं स्वास्थ्य का ध्यान रखें।
प्रतिबंधित वस्तुएं साथ न लाएं
श्रद्धालुओं से अनुरोध किया गया है कि मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ईयरफोन, बड़े बैग, तंबाकू, नशीले पदार्थ, कॉस्मेटिक, धातु की वस्तुएं तथा अन्य प्रतिबंधित सामान लेकर धाम न आएं। अधिक भीड़ के कारण इस बार निःशुल्क बैगेज काउंटर संचालित नहीं होंगे, इसलिए सामान अपने घर, होटल या धर्मशाला में ही छोड़कर आएं।
ऑनलाइन होंगे बाबा विश्वनाथ के लाइव दर्शन
जो श्रद्धालु धाम तक नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की आधिकारिक वेबसाइट, आधिकारिक यूट्यूब चैनल और अधिकृत प्रसारण माध्यमों पर बाबा विश्वनाथ के लाइव दर्शन की व्यवस्था की जाएगी।
श्रावण के चारों सोमवार पर विशेष श्रृंगार
- 3 अगस्त: श्री शंकर स्वरूप श्रृंगार
- 10 अगस्त: गौरी-शंकर श्रृंगार
- 17 अगस्त: अर्धनारीश्वर श्रृंगार
- 24 अगस्त: रुद्राक्ष श्रृंगार
- 27 अगस्त (पूर्णिमा): झूला श्रृंगार
- 28 अगस्त (रक्षाबंधन): सामान्य दर्शन
प्रमुख प्रवेश मार्ग
श्रद्धालुओं के लिए गेट नंबर-4, काशी द्वार (4B), नंदू फेरिया, सिल्को मार्ग, ढुंढिराज मार्ग, सरस्वती फाटक और भैरव द्वार से प्रवेश की व्यवस्था रहेगी। हालांकि गंगा का जलस्तर बढ़ने की स्थिति में मंदिर घाट की ओर से प्रवेश अस्थायी रूप से बंद किया जा सकता है।
खोया-पाया केंद्र और सुरक्षा
भीड़ को देखते हुए धाम परिसर, शंकराचार्य चौक, गेट नंबर-1, गेट नंबर-2, गेट नंबर-4 और मंदिर घाट पर खोया-पाया केंद्र बनाए जाएंगे। यहां सुरक्षा बलों के साथ विशेष सहायता कर्मी भी तैनात रहेंगे।
मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि नियमों का पालन करें, किसी भी दलाल या प्रलोभन में न आएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या मंदिर प्रशासन को दें, ताकि श्रावण मास में बाबा विश्वनाथ के दर्शन सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराए जा सकें।



No comments