• Breaking News

    CM योगी का वाराणसी दौरा: दालमंडी चौड़ीकरण में तेजी लाने के निर्देश, छोटी नावों का होगा पंजीकरण, सावन-कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा

    वाराणसी :- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ विकास परियोजनाओं तथा कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने बाबा काल भैरव मंदिर और श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन कर सावन मास की तैयारियों का भी जायजा लिया।
    सर्किट हाउस में अधिकारियों से साथ सीएम ने की बैठक
    समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने दालमंडी सड़क चौड़ीकरण, जल जीवन मिशन, वाराणसी रोप-वे, एकीकृत मंडलीय कार्यालय समेत कई प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी विकास कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए।
    बाबा विश्वनाथ मंदिर में भी विशेष पूजा की
    18 महीने में तैयार हो एकीकृत मंडलीय कार्यालय
    बाबा काल भैरव मंदिर में सीएम योगी ने पूजा-अर्चना की
    मुख्यमंत्री ने एकीकृत मंडलीय कार्यालय के निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा और इसे हरसंभव प्रयास करते हुए अगले 18 महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य तय किया। उन्होंने गंगा में संचालित छोटी नावों का नगर निगम के माध्यम से पंजीकरण कराने के निर्देश दिए, ताकि संचालन अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित हो सके। साथ ही नाविकों को लाइफ जैकेट सहित सभी आवश्यक सुरक्षा संसाधन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
    बाबा काल भैरव से निकलते समय सीएम ने बच्चे से हालचाल पूछा
    दालमंडी परियोजना में तेजी, जल जीवन मिशन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

    मुख्यमंत्री ने दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत शेष भवनों का नियमानुसार मुआवजा देकर ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने को कहा। जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजना के लिए धन की कोई कमी नहीं है, इसलिए कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

    अगस्त तक पूरा होगा वाराणसी रोप-वे

    काशी में चल रहे विकास कार्यों का मुआयना किया
    बैठक में मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने मुख्यमंत्री को बताया कि वाराणसी रोप-वे परियोजना का निर्माण अगस्त तक पूरा होने की संभावना है। इस पर मुख्यमंत्री ने परियोजना को तय समयसीमा में पूर्ण कर आम जनता को जल्द सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

    सावन और कांवड़ यात्रा को लेकर विशेष तैयारी के निर्देश

    मुख्यमंत्री ने श्रावण मास और कांवड़ यात्रा की तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, बिजली विभाग, परिवहन विभाग और रेलवे के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा।

    536 विकास परियोजनाएं पूरी, 191 पर जारी है काम

    बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि वर्ष 2014 से अब तक वाराणसी में 36,210 करोड़ रुपये की लागत वाली 536 विकास परियोजनाएं पूरी की जा चुकी हैं। वहीं, वर्तमान में लगभग 25,007 करोड़ रुपये की लागत से 191 परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने भी श्रावण मास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की तैयारियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।



    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad