यूपी कांग्रेस ने 2027 चुनाव की तैयारियां तेज कीं, संगठन विस्तार पर फोकस; लखनऊ बैठक में अजय राय ने रखी रणनीति
बैठक में अजय राय ने कहा कि कांग्रेस लगातार गांव-गांव तक पहुंच बना रही है और महिलाओं, किसानों, युवाओं तथा अल्पसंख्यक समुदाय सहित सभी वर्गों को संगठन से जोड़ने का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से पार्टी का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है।
गठबंधन पर राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा फैसला
गठबंधन और सीट बंटवारे के सवाल पर अजय राय ने कहा कि इस संबंध में अंतिम निर्णय पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। फिलहाल प्रदेश इकाई का पूरा फोकस संगठन को मजबूत करने और हर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की मौजूदगी बढ़ाने पर है।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की तैयारी
उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम की मौजूदगी में हुई बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय बनाने, कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण और चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। अजय राय ने विश्वास जताया कि मजबूत संगठन के दम पर कांग्रेस 2027 के विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी।
राम मंदिर चंदा मामले में भाजपा पर साधा निशाना
राम मंदिर चंदा मामले को लेकर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भाजपा और आरएसएस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिरों में आने वाले चंदे और दान की राशि के इस्तेमाल को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं और इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
केजीएमयू हॉस्टल और गोहत्या के मुद्दे पर भी बोले
केजीएमयू हॉस्टल की मेस में मांसाहारी भोजन पर रोक के मुद्दे पर अजय राय ने कहा कि सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने गोहत्या के मुद्दे पर भी भाजपा से सवाल पूछते हुए कहा कि यदि सरकार इस विषय पर गंभीर है तो प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

No comments