• Breaking News

    मिर्जापुर में दर्दनाक हादसे के बाद बवाल: तीन की मौत से भड़के ग्रामीण, पुलिस पर पथराव; कई वाहन क्षतिग्रस्त

    मिर्जापुर :-
    जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। ट्रक का टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक मकान में घुस गया। हादसे में घर के अंदर मौजूद तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया।

    घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान हालात बिगड़ गए और पुलिस व प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस के कई वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई तथा कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है।
    बताया जा रहा है कि हादसा अहरौरा के कुदारन चौराहे के पास हुआ, जहां ट्रक का टायर फटने के बाद वह सीधे एक मकान में जा घुसा। हादसे में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
    पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान स्थिति नियंत्रण से बाहर होने लगी थी। भीड़ को हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया, जिसके बाद कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। हालात पर काबू पाने के लिए आसपास के कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर बुलानी पड़ी। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों के परिजनों से बातचीत कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad