वाराणसी: अंतर्राज्यीय गौ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार; 16 गोवंश मुक्त, DCM जब्त
वाराणसी :- कमिश्नरेट की लंका थाना पुलिस ने सोमवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गौ तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया। रमना स्थित डाफी टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर पुलिस ने एक डीसीएम वाहन से 16 गोवंश को मुक्त कराया और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में एक 17 वर्षीय किशोर को भी विधिक प्रक्रिया के तहत अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर सुबह करीब चार बजे डाफी टोल प्लाजा के पास सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध डीसीएम को रोककर तलाशी ली गई। वाहन के अंदर 16 गोवंश (11 गाय सहित अन्य गोवंश) अत्यधिक भीड़भाड़ की स्थिति में मिले। पुलिस ने तत्काल सभी पशुओं को सुरक्षित बाहर निकालकर वाहन को कब्जे में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्य प्रदेश के सीधी निवासी शिवेंद्र सिंह और छोटू सिंह, छत्तीसगढ़ के कोरबा निवासी अभिषेक तिवारी तथा प्रतापगढ़ निवासी आशू खरवार के रूप में हुई है। इनके साथ मौजूद प्रतापगढ़ के एक किशोर को भी किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत अभिरक्षा में लिया गया।
पूछताछ में सामने आया अंतर्राज्यीय नेटवर्क
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि विभिन्न जिलों से गोवंश एकत्र कर उन्हें दूसरे राज्यों तक पहुंचाने का काम किया जाता था। जांच के दौरान छत्तीसगढ़ निवासी हेमंत नामक व्यक्ति की भूमिका भी सामने आई है, जिस पर पूरे नेटवर्क के संचालन और रूट की जानकारी उपलब्ध कराने का संदेह है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और संभावित सरगना की तलाश में जुटी है।
इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की होगी जांच
लंका थाना में उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि तस्करी के पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक राजकुमार, चौकी प्रभारी रमना उपनिरीक्षक पवन पांडेय, उपनिरीक्षक संगम कुमार तथा लंका थाना पुलिस टीम ने अंजाम दिया।

No comments