• Breaking News

    UP BEd परीक्षा फर्जीवाड़ा: सॉल्वर के बाद असली अभ्यर्थी भी गिरफ्तार, प्रयागराज से दबोची गई

    वाराणसी :-
    उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 में दूसरे व्यक्ति से परीक्षा दिलाने के मामले में कपसेठी पुलिस ने फरार चल रही मुख्य अभ्यर्थी श्रेया भारती को प्रयागराज के अल्लापुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले उसकी जगह परीक्षा देने पहुंची बिहार निवासी तनिषा कुमारी को परीक्षा केंद्र से ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

    पुलिस के अनुसार, सेवापुरी स्थित कालिकाधाम पीजी कॉलेज में आयोजित बीएड प्रवेश परीक्षा के दौरान केंद्र व्यवस्थापक को एक महिला अभ्यर्थी की पहचान पर संदेह हुआ। जांच में खुलासा हुआ कि कानपुर निवासी श्रेया भारती की जगह नवादा (बिहार) की तनिषा कुमारी परीक्षा दे रही थी। आरोपी ने फर्जी प्रवेश पत्र, आधार कार्ड और संपादित फोटो के जरिए परीक्षा केंद्र में प्रवेश किया था।

    केंद्र व्यवस्थापक की शिकायत पर कपसेठी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया और 1 जून 2026 को तनिषा कुमारी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। इसके बाद से पुलिस मुख्य अभ्यर्थी श्रेया भारती की तलाश में जुटी थी। आखिरकार 12 जुलाई को उसे प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया गया।

    पूछताछ में श्रेया ने स्वीकार किया कि उसने अपनी सहेली प्रीति के माध्यम से रोशन नामक व्यक्ति से संपर्क किया था। रोशन ने उसकी जगह दूसरी महिला से परीक्षा दिलाने की व्यवस्था की थी। इसके लिए श्रेया ने अपना आधार कार्ड, प्रवेश पत्र और फोटो उपलब्ध कराए, जिनका इस्तेमाल कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए। इसी योजना के तहत तनिषा को वाराणसी भेजकर परीक्षा दिलाई गई।

    पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के साथ उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। अब पुलिस इस गिरोह के कथित संचालक रोशन, सहेली प्रीति और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच जारी है और इसमें शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad