• Breaking News

    काशी विद्यापीठ का 48वां दीक्षांत समारोह: 53 मेधावियों को मिले 82 पदक, 63 हजार से अधिक छात्रों को मिली उपाधियां

    वाराणसी :-
    महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का 48वां दीक्षांत समारोह मंगलवार को सिगरा स्थित रुद्राक्ष इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने विभिन्न संकायों के 53 मेधावी विद्यार्थियों को 82 स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक प्रदान कर सम्मानित किया।
    दीक्षांत समारोह के दौरान विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों के 63,184 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। आधुनिक तकनीक के उपयोग के तहत सभी विद्यार्थियों की डिजिटल डिग्रियां महज 20 सेकंड में ऑनलाइन अपलोड कर दी गईं, जिससे विद्यार्थियों को तत्काल डिजिटल प्रमाणपत्र उपलब्ध हो सके।
    समारोह में पदक प्राप्त करने वाले मेधावियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। विद्यार्थियों और उनके परिजनों ने इस यादगार पल को कैमरे में कैद किया और परिसर में जमकर सेल्फी ली। कार्यक्रम को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर और परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया था।
    विश्वविद्यालय के कुलपति ने बताया कि इस वर्ष देवी हैंडलूम, तेलंगाना के संस्थापक वाई. श्रीधर राव को समाज सेवा एवं उद्योग जगत में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए मानद डी.लिट. (D.Litt.) की उपाधि से सम्मानित किया गया।

    दीक्षांत समारोह का सीधा प्रसारण विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से किया गया, जिससे बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने ऑनलाइन भी कार्यक्रम का अवलोकन किया।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad