काशी अन्नपूर्णा मंदिर ट्रस्ट की नई पहल: निशुल्क सिलाई एवं कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ, 500 से अधिक छात्राओं को मिलेगा आत्मनिर्भर बनने का अवसर
वाराणसी :- काशी अन्नपूर्णा क्षेत्र ट्रस्ट, अन्नपूर्णा मंदिर की ओर से गीता मंदिर परिसर में निशुल्क सिलाई एवं कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं वाराणसी दक्षिण के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया और इस पहल को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।ट्रस्ट की इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की छात्राओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। ट्रस्ट के अनुसार इस केंद्र में लगभग 500 से 600 छात्राओं को सिलाई, बुनाई, कढ़ाई और कंप्यूटर का निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक विभिन्न बैचों में संचालित होगा। सभी सुविधाएं पूरी तरह निशुल्क रहेंगी और किसी भी छात्रा से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।ट्रस्ट ने बताया कि प्रशिक्षण के लिए छात्राओं का चयन पहले ही किया जा चुका है। सिलाई का कोर्स एक वर्ष तथा कंप्यूटर का कोर्स छह माह का होगा। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद सिलाई कोर्स की प्रत्येक छात्रा को निशुल्क सिलाई मशीन उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि कंप्यूटर प्रशिक्षण में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को लैपटॉप देकर सम्मानित किया जाएगा। ट्रस्ट का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना ही नहीं, बल्कि छात्राओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिए आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर अन्नपूर्णा मंदिर के महंत शंकर पुरी ने कहा कि यह केंद्र केवल रोजगारपरक शिक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कारों का भी केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा, "यहां आने वाली प्रत्येक छात्रा को नई दिशा और आत्मविश्वास मिलेगा। सिलाई, बुनाई और कढ़ाई का प्रशिक्षण उन्हें स्वरोजगार के योग्य बनाएगा, जबकि कंप्यूटर शिक्षा उनके लिए रोजगार और व्यवसाय के नए अवसर खोलेगी। हमारा प्रयास है कि छात्राएं आत्मनिर्भर बनें और आगे चलकर दूसरों को भी रोजगार देने में सक्षम हों।"
मुख्य अतिथि विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने ट्रस्ट की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह केंद्र क्षेत्र की बेटियों को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को भी नई दिशा देंगे।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष (सीहोर, मध्य प्रदेश) प्रेम नारायण मीना, ट्रस्ट के एक्जीक्यूटिव ट्रस्टी के. जनार्दन शर्मा, प्रदीप श्रीवास्तव, धीरेन्द्र सिंह, राजीव मिश्रा सहित अनेक गणमान्य लोग एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


No comments