• Breaking News

    वाराणसी: अमीनी गांव में अतिक्रमण हटाने पहुँची टीम का विरोध, ग्रामीणों और पुलिस में नोकझोंक; एक महिला की तबीयत बिगड़ी

    वाराणसी :- मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के अमीनी गांव में शुक्रवार शाम सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुँची राजस्व और पुलिस टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इसी दौरान एक महिला की तबीयत बिगड़ने पर वह अचेत होकर गिर पड़ी, जिसे तत्काल एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया।

    ग्रामीण हिमाचल पटेल का आरोप है कि जिस भूमि पर उनकी गुमटी रखी गई थी, वह उनकी निजी भूमि है और उससे संबंधित मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उनका कहना है कि इसके बावजूद ग्राम प्रधान के इशारे पर राजस्व और पुलिस टीम जेसीबी लेकर पहुंची तथा बिना न्यायिक प्रक्रिया पूरी हुए उनकी गुमटी को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई का विरोध करने पर मौके पर मौजूद महिलाओं और पुलिस के बीच कहासुनी हो गई, जो बाद में धक्का-मुक्की में बदल गई।

    वहीं, राजस्व विभाग ने ग्रामीणों के आरोपों को निराधार बताया है। कानूनगो अशोक सोनकर के अनुसार, जिस स्थान से अतिक्रमण हटाया गया, वह राजस्व अभिलेखों में सरकारी भीटा के रूप में दर्ज है और उस पर अवैध कब्जा किया गया था। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूर्व निर्धारित कार्रवाई के तहत पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने पहुँचा था, लेकिन कुछ लोगों ने जेसीबी के सामने खड़े होकर सरकारी कार्य में बाधा डालने की कोशिश की।

    मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।


    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad