वाराणसी: डीएम सत्येंद्र कुमार ने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की, 70 वर्ष से अधिक सभी पात्र लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश
वाराणसी, 23 जुलाई :- कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।
बैठक में पूर्ण टीकाकरण, परिवार नियोजन, आरसीएच पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों का पंजीकरण, पहली बार गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एचआरपी), संस्थागत प्रसव, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, ई-संजीवनी, आयुष्मान भारत योजना, राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम, जननी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, ओपीडी सेवाएं तथा पोषण पुनर्वास केंद्र की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि आरसीएच पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं और बच्चों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से उन ब्लॉकों में सुधार लाने पर जोर दिया जहां प्रगति अपेक्षाकृत कम है। साथ ही हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की पहचान, नियमित टीकाकरण, संस्थागत प्रसव और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े सभी आंकड़ों को समय पर पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए।
आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी चिकित्सा प्रभारियों (एमओआईसी) को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड तेजी से बनाए जाएं। उन्होंने कहा कि 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के सभी पात्र नागरिकों का आयुष्मान कार्ड हर हाल में बनाया जाए, ताकि उन्हें जरूरत पड़ने पर कैशलेस उपचार का लाभ मिल सके।
डीएम ने पंचायत सहायकों के साथ समन्वय स्थापित कर पात्र लोगों की पहचान करने, गांव-गांव विशेष शिविर आयोजित करने और लोगों को योजना के प्रति जागरूक कर अधिक से अधिक आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश भी दिए।
इसके अलावा जननी सुरक्षा योजना के तहत शत-प्रतिशत लाभार्थी भुगतान सुनिश्चित करने, फुल एएनसी, ई-संजीवनी, ई-कवच पोर्टल, परिवार नियोजन, राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम और राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम की प्रगति में तेजी लाने के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी डी.के. सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments