शारजाह से वाराणसी पहुंचे यात्री के पास मिला 70 लाख का विदेशी सोना, डीआरआई ने दबोचा
वाराणसी :- लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर पर राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने सोना तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। टीम ने शारजाह से वाराणसी पहुंचे एक यात्री के कब्जे से करीब 491.290 ग्राम 24 कैरेट विदेशी सोना बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹70 लाख बताई जा रही है। मामले में गुजरात के भुज निवासी विराल प्रेमजी चौहान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
डीआरआई अधिकारियों के मुताबिक, उन्हें पहले ही सूचना मिल चुकी थी कि शारजाह से आने वाली फ्लाइट के जरिए विदेशी सोने की खेप वाराणसी लाई जा रही है। इनपुट के आधार पर विमान के एयरपोर्ट पर उतरते ही अधिकारियों ने यात्रियों के साथ-साथ विमान की भी सघन जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान संदिग्ध यात्री की सीट के नीचे विशेष तरीके से छिपाकर रखा गया सोना बरामद हुआ। तस्करों ने सोने को पेस्ट कम्पाउंड के रूप में सीट के नीचे लगाया था, ताकि सामान्य जांच में वह पकड़ में न आए। हालांकि डीआरआई की सतर्कता के चलते तस्करी की यह कोशिश नाकाम हो गई।
बरामदगी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई और उसके खिलाफ सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई। बाद में उसे न्यायालय में पेश किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आने की बात कही जा रही है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि यह मामला किसी संगठित अंतरराष्ट्रीय या अंतरराज्यीय सोना तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। डीआरआई अब आरोपी के यात्रा रिकॉर्ड, संपर्कों और संभावित सहयोगियों की भूमिका की गहन पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा हो सकता है।

No comments