काशी पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, बोले- 'राम मंदिर का श्रेय लिया है तो चंदे पर उठे सवालों का जवाब भी सरकार दे'
वाराणसी :- उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम शुक्रवार को वाराणसी पहुंचे, जहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा।
राम मंदिर निर्माण से जुड़े सवाल पर गौतम ने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा ने मंदिर निर्माण का पूरा श्रेय लिया है, तो मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देने की जिम्मेदारी भी सरकार की है। उन्होंने आरोप लगाया कि चंदे की पारदर्शिता को लेकर जनता के मन में कई सवाल हैं, जिनका स्पष्ट जवाब दिया जाना चाहिए।वहीं, आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ संभावित गठबंधन पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी भी राजनीतिक निर्णय में सम्मानजनक भागीदारी चाहती है। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने संगठन और जनाधार को मजबूत करने के साथ चुनावी रणनीति तैयार कर रही है।
प्रदेश प्रभारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को उठाना और उनके समाधान के लिए संघर्ष करना है।
राजेंद्र पाल गौतम ने दावा किया कि महंगाई, बेरोजगारी और किसानों से जुड़े मुद्दों पर जनता सरकार से नाराज है और कांग्रेस इन्हीं जनसरोकारों को लेकर लोगों के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी सामाजिक न्याय, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
वाराणसी दौरे के दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की मजबूती और आगामी चुनावों की तैयारियों पर भी चर्चा की। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि इस दौरे से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह आया है और पार्टी चुनावी तैयारियों को तेज करेगी।


No comments