• Breaking News

    वाराणसी में आकाशीय बिजली का कहर: खेत पर गए संविदाकर्मी की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

    वाराणसी :-
    जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र के पश्चिमपुर (धनंजयपुर) गांव में बुधवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान एवं संविदाकर्मी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

    बुधवार शाम करीब पांच बजे संतोष प्रजापति उर्फ भूलाई (45) पुत्र स्व. बोधई प्रजापति किसी काम से अपने खेत की ओर गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच जोरदार गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से संतोष गंभीर रूप से झुलस गए। बिजली का झटका इतना तेज था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
    घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना पर बड़ागांव पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

    मृतक संतोष प्रजापति पश्चिमपुर (धनंजयपुर) गांव के निवासी थे और तुलसी दास इंटर कॉलेज, अनेई में संविदा पर चपरासी के पद पर कार्यरत थे। वह परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी लालमनी, बड़ा पुत्र नितेश (22) और छोटा पुत्र अभिषेक (20) हैं। दोनों बेटे अभी पढ़ाई कर रहे हैं। करीब 14 वर्ष पहले उनके पिता का भी निधन हो चुका है। आर्थिक रूप से कमजोर इस परिवार के सामने अब आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

    घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता, सरकारी मुआवजा तथा मृतक के एक पुत्र को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। वहीं, प्रशासन की ओर से पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad