• Breaking News

    मानसून ने पकड़ी रफ्तार, वाराणसी समेत पूर्वांचल में झमाझम बारिश से मिली राहत; खेतों की ओर लौटे किसान

    वाराणसी :-
    पूर्वांचल और वाराणसी में देर से पहुंचे मानसून ने अब रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। सोमवार को हुई झमाझम बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली, वहीं खेतों में पर्याप्त नमी आने के बाद किसान भी खेती-बाड़ी के काम में जुट गए। मौसम का रुख पूरी तरह बदलने के साथ पुरवाई हवाएं चल रही हैं और आसमान में घने बादलों का डेरा बना हुआ है।

    सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही। पुरवाई हवाओं के प्रभाव से मौसम सुहावना रहा और करीब नौ बजे के बाद हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई, जो दोपहर तक रुक-रुककर जारी रही। एक दिन पहले हुई हल्की बारिश के कारण वातावरण में नमी बढ़ गई थी, जिससे स्थानीय स्तर पर बादलों का विकास हुआ और बारिश की गतिविधियां तेज हो गईं।
    मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वांचल के ऊपर घने बादल सक्रिय हैं और स्थानीय तापीय प्रभाव (लोकल हीटिंग) के कारण अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना बनी रहेगी। विभाग का अनुमान है कि पूरे सप्ताह बादलों की आवाजाही जारी रहेगी। हालांकि बीच-बीच में धूप निकलने से उमस महसूस हो सकती है, लेकिन पुरवाई हवाएं और बारिश लोगों को राहत देती रहेंगी।

    बीते 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री कम रहा। इस अवधि में अधिकतम सापेक्ष आर्द्रता 86 प्रतिशत और न्यूनतम 80 प्रतिशत दर्ज की गई।

    मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वांचल में बढ़ी हुई नमी और बादलों की सक्रियता के चलते आने वाले दिनों में रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इससे तापमान में और गिरावट आने के साथ मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहने की संभावना है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad