• Breaking News

    CM Yogi Kashi Visit: दो दिवसीय दौरे पर काशी आएंगे मुख्यमंत्री योगी, बाबा विश्वनाथ के करेंगे दर्शन, कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 7 जुलाई से दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचेंगे। अपने प्रवास के दौरान वह धार्मिक, सामाजिक और सरकारी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। पहले दिन शाम 6:05 बजे मुख्यमंत्री श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा विश्वनाथ का विधिवत दर्शन-पूजन करेंगे।

    मंदिर में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री रोहनिया स्थित होटल लेमन ट्री पहुंचेंगे, जहां प्रदेश सरकार के मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' के पुत्र के विवाह समारोह में शामिल होकर नवदंपति को आशीर्वाद देंगे। इसके बाद शाम करीब 7:10 बजे वह सर्किट हाउस पहुंचेंगे और वहीं रात्रि विश्राम करेंगे।

    दौरे के दूसरे दिन 8 जुलाई की सुबह मुख्यमंत्री सर्किट हाउस से चांदमारी स्थित अंतरराष्ट्रीय हस्तकला संकुल के लिए रवाना होंगे। यहां सुबह 10 बजे आयोजित कार्यक्रम में बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा योजना का शुभारंभ करेंगे।
    इसी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से प्रदेश के करीब 1.10 करोड़ छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के बैंक खातों में सहायता राशि भी हस्तांतरित करेंगे।

    वाराणसी के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री पुलिस लाइन हेलिपैड से राजकीय हेलीकॉप्टर द्वारा मिर्जापुर के विंध्याचल रवाना होंगे। वहां मां विंध्यवासिनी मंदिर में दर्शन-पूजन करने के बाद अष्टभुजा अतिथि गृह में लोक निर्माण विभाग के लंबित कार्यों की समीक्षा करेंगे और नए विकास कार्यों की रूपरेखा को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।

    निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार समीक्षा बैठक समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 1:40 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से चित्रकूट के लिए प्रस्थान करेंगे।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad