• Breaking News

    बीएचयू में चिकित्सा अधीक्षक नियुक्ति को लेकर छात्रों का विरोध, कुलपति को सौंपा ज्ञापन

    वाराणसी :-
    सर सुंदरलाल चिकित्सालय में चिकित्सा अधीक्षक पद पर प्रस्तावित नियुक्ति को लेकर बुधवार को छात्रों ने विरोध दर्ज कराया। छात्र कुलपति आवास पहुंचे और चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।

    प्रदर्शन का नेतृत्व छात्र नेता शिवांश सिंह ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि चयन प्रक्रिया को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं, इसलिए किसी भी नियुक्ति से पहले पूरी प्रक्रिया की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। छात्रों का कहना था कि जिन अभ्यर्थियों को लेकर विवाद या आपत्तियां सामने आई हैं, उनकी पात्रता और चयन प्रक्रिया का स्पष्ट परीक्षण होना आवश्यक है।
    शिवांश सिंह ने कहा कि बीएचयू जैसी प्रतिष्ठित संस्था में हर नियुक्ति योग्यता, निष्पक्षता और पारदर्शिता के आधार पर होनी चाहिए। उनका कहना था कि यदि सभी आपत्तियों का निस्तारण किए बिना नियुक्ति की जाती है, तो इससे विश्वविद्यालय की छवि प्रभावित हो सकती है।

    प्रदर्शनकारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की कि चिकित्सा अधीक्षक पद की चयन प्रक्रिया को पूरी तरह नियमों के अनुरूप और पारदर्शी बनाया जाए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि छात्रों द्वारा उठाए गए मुद्दों की अनदेखी कर विवादित परिस्थितियों में नियुक्ति की गई, तो छात्र शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करेंगे।

    ज्ञापन देने वाले प्रतिनिधिमंडल में शिवांश सिंह के अलावा वरुण, विशाल, प्रियांशु, आलोक, अंजन सहित अन्य छात्र शामिल रहे।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad