वाराणसी: किन्नर से शादी का झांसा देकर चार साल तक किया शोषण, लाखों रुपये और जेवर लेकर फरार; मुकदमा दर्ज
वाराणसी :- लालपुर-पांडेयपुर क्षेत्र की रहने वाली एक किन्नर ने हुकुलगंज निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर चार वर्षों तक कथित रूप से शारीरिक और आर्थिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार, उसकी मुलाकात यजमानी के दौरान हुकुलगंज निवासी अंकित कुमार यादव से हुई थी। आरोप है कि करीब चार वर्ष पहले युवक ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया और बेहोशी की हालत में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर उसने मंदिर में शादी करने और जीवनभर साथ निभाने का वादा किया। पीड़िता का कहना है कि वह पहले संबंध बनाने से मना करती रही, लेकिन आरोपी के भरोसे पर विश्वास कर लिया, जिसके बाद उसने लगातार उसका शारीरिक और आर्थिक शोषण किया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने अपने बड़े भाई की शादी का हवाला देकर उससे करीब 4.50 लाख रुपये उधार लिए, जिन्हें वापस नहीं किया। इसके अलावा आधार कार्ड लेकर लौटाया नहीं और नया आधार बनवाने के नाम पर भी कई हजार रुपये ले लिए।शिकायत के अनुसार, 20 मई 2026 की रात आरोपी ने प्रसाद के नाम पर लड्डू खिलाया। अगले दिन सुबह जब पीड़िता की आंख खुली तो आरोपी घर से गायब था। उसने आरोप लगाया कि घर से करीब 5 लाख रुपये नकद, सोने की चेन, छह अंगूठियां, मांगटीका, बाली, मंगलसूत्र और चांदी की पायल भी गायब थीं।
पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद आरोपी ने उसे मोबाइल, फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर ब्लॉक कर दिया। वहीं शिकायत करने पर आरोपी के परिजनों ने भी अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि आरोपी अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी भी दे रहा है।
इस मामले में पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आरोपी की तलाश और उसके परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


No comments