• Breaking News

    काशी के आसमान में गरजे तीन लड़ाकू फाइटर जेट, एयरफोर्स की रिहर्सल से रोमांचित हुए लोग; एयर शो की तैयारी तेज, नमो घाट हेलीपैड सील

    वाराणसी :-
    शनिवार की सुबह काशी का आसमान लड़ाकू विमानों की गर्जना से गूंज उठा। एक साथ तीन फाइटर जेट शहर के ऊपर अलग-अलग दिशाओं में उड़ान भरते और चक्कर लगाते दिखाई दिए। अचानक आसमान में गूंजती तेज आवाज सुनकर लोग अपने घरों, छतों और सड़कों पर निकल आए। कई लोगों ने इस रोमांचक नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया। माना जा रहा है कि यह भारतीय वायुसेना द्वारा प्रस्तावित एयर शो की तैयारियों के तहत की जा रही रिहर्सल का हिस्सा था।
    इधर, नमो घाट पर सुबह से ही सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सख्त कर दी गई। एयरफोर्स के अधिकारियों और जवानों ने हेलीपैड क्षेत्र की कमान संभाल ली। सुरक्षा कारणों से नमो घाट के फेस-2 के आगे आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई। किसी भी व्यक्ति को हेलीपैड के प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई और लोगों को निर्धारित सीमा से ही वापस कर दिया गया।
    करीब साढ़े ग्यारह बजे तक फाइटर जेट लगातार आसमान में अभ्यास उड़ान भरते रहे। उनकी गर्जना पूरे शहर में सुनाई देती रही। विमानों को नमो घाट के ऊपर कई बार चक्कर लगाते देख घाट पर मौजूद लोगों की भीड़ बढ़ गई। हालांकि सुरक्षा में तैनात जवानों ने पूरे समय व्यवस्था बनाए रखी और किसी को भी प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने नहीं दिया।

    प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक साथ तीन फाइटर जेटों की तेज रफ्तार उड़ान और उनके शानदार करतब ने लोगों में खासा उत्साह और रोमांच भर दिया। घाट पर मौजूद लोग लगातार फोटो और वीडियो बनाते रहे। हालांकि प्रशासन और भारतीय वायुसेना की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन इसे वायुसेना दिवस के अवसर पर नमो घाट पर प्रस्तावित एयर शो की रिहर्सल माना जा रहा है।

    शनिवार की सुबह काशीवासियों के लिए यादगार बन गई। फाइटर जेटों की गूंज से पूरा शहर रोमांचित नजर आया, जबकि नमो घाट सुरक्षा व्यवस्था के बीच आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना रहा।





    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad