शादी के बाद भी नहीं थमा उत्पीड़न: विवाहिता को व्हाट्सएप पर अश्लील संदेश, विरोध करने पर जान से मारने की धमकी
वाराणसी :- सिंधोरा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता को शादी के बाद भी कथित तौर पर लगातार परेशान किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि क्षेत्र के तीन युवकों ने व्हाट्सएप के माध्यम से अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भेजे। जब विवाहिता ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मामले में पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, विवाहिता की शादी हो चुकी है और वह अपने ससुराल में रह रही है। इसके बावजूद तीन युवक लगातार उसके मोबाइल पर आपत्तिजनक संदेश भेजकर उसे परेशान कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
पीड़िता के परिजनों का कहना है कि आरोपियों द्वारा भेजे गए कुछ संदेश मोबाइल से हट चुके हैं, जिससे कुछ डिजिटल साक्ष्य उपलब्ध नहीं हैं। इसके बावजूद उपलब्ध चैट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सिंधोरा पुलिस ने तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक बुध्दिलाल को सौंपी गई है।
थानाध्यक्ष पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि मोबाइल चैट, उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आरोपियों की तलाश भी जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि की जाएगी।

No comments