वाराणसी: पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में लगी गोली, दूसरा पीछा कर गिरफ्तार; चेतगंज-रामनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
वाराणसी कमिश्नरेट की चेतगंज और रामनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार सुबह रामनगर थाना क्षेत्र के बन्दरगाह के पास हुई मुठभेड़ में एक बदमाश को घायल कर गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मौके से भागने की कोशिश कर रहे उसके साथी को पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।पुलिस के अनुसार, चेतगंज थाना प्रभारी वीके शुक्ला और रामनगर थाना प्रभारी संजय मिश्रा के नेतृत्व में संयुक्त टीम संदिग्ध बदमाशों की तलाश में अभियान चला रही थी। इसी दौरान बन्दरगाह के पास पुलिस और बदमाशों का आमना-सामना हो गया। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख बदमाशों ने भागने का प्रयास किया, जिसके दौरान हुई मुठभेड़ में आकाश सेठ के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं उसका साथी आशीष मौर्य पुलिस को चकमा देकर फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। उनके आपराधिक इतिहास, पूर्व में दर्ज मुकदमों, हाल की वारदातों में संलिप्तता और उनके कब्जे से बरामद सामान की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का भी जल्द खुलासा किया जाएगा।
रामनगर में हुई इस पुलिस मुठभेड़ के संबंध में एडीसीपी काशी वैभव बांगर ने बताया कि संयुक्त पुलिस टीम अभियान के दौरान बदमाशों तक पहुंची थी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हुआ, जबकि दूसरा भागने के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और दोनों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।



No comments