• Breaking News

    धर्मनगरी काशी में होटल पर पुलिस की रेड, सेक्स रैकेट का पर्दाफाश, आपत्तिजनक सामान बरामद

    वाराणसी :-
    सिगरा थाना क्षेत्र के मलदहिया स्थित एक होटल में कथित तौर पर चल रहे देह व्यापार के अड्डे का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस की छापेमारी के दौरान पांच युवतियों और होटल से जुड़े चार लोगों सहित कुल नौ लोगों को हिरासत में लिया गया। पकड़ी गई युवतियों में चार पश्चिम बंगाल की बताई जा रही हैं। मौके से पुलिस ने कई संदिग्ध और आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है।
    पुलिस के अनुसार, होटल में लंबे समय से अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय लोगों से लगातार मिल रही सूचनाओं के बाद सिगरा थाना पुलिस ने गोपनीय जांच कराई और सूचना की पुष्टि होने पर रविवार को होटल में अचानक दबिश दी। कार्रवाई के दौरान होटल में अफरा-तफरी मच गई और कई लोगों को मौके से पकड़ लिया गया।
    एसीपी चेतगंज शुभम सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में होटल की आड़ में देह व्यापार संचालित होने की पुष्टि हुई है। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि कुछ युवतियों को पश्चिम बंगाल से लाकर इस अवैध कारोबार में लगाया गया था। पुलिस ने घटनास्थल से ऐसे सामान भी बरामद किए हैं, जिन्हें जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।
    पुलिस ने होटल के संचालन से जुड़े दो प्रमुख लोगों को भी हिरासत में लिया है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क का संचालन कौन कर रहा था और इसका दायरा वाराणसी के अलावा अन्य राज्यों तक फैला है या नहीं। मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम (PITA) के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है।
    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई जारी है। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad