• Breaking News

    वाराणसी : फाइटर जेट हादसे की वायरल खबर निकली झूठी, वाराणसी पुलिस ने लोगों से अफवाह न फैलाने की अपील

    वाराणसी :-
    चौबेपुर थाना क्षेत्र के शिवदशां गांव का नाम जोड़कर शनिवार दोपहर सोशल मीडिया पर लड़ाकू विमान दुर्घटना की झूठी खबर वायरल होने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। वायरल पोस्ट में एक क्षतिग्रस्त फाइटर जेट की तस्वीर साझा कर दावा किया गया कि एयर शो के अभ्यास के दौरान विमान गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया है।

    बताया गया कि अक्टूबर में नमो घाट पर प्रस्तावित एयर शो की तैयारियों के तहत तीन लड़ाकू विमान अभ्यास उड़ान पर थे। इसी दौरान किसी शरारती तत्व ने पुरानी या असंबंधित तस्वीर के साथ फर्जी पोस्ट प्रसारित कर दी। देखते ही देखते यह संदेश व्हाट्सऐप ग्रुपों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से फैल गया, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।

    सूचना मिलते ही चौबेपुर पुलिस तत्काल सक्रिय हुई। कार्यवाहक थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद यादव पुलिस टीम के साथ शिवदशां गांव पहुंचे और पूरे इलाके की जांच की। मौके पर किसी भी प्रकार की विमान दुर्घटना या नुकसान के कोई प्रमाण नहीं मिले। जांच के बाद पुलिस ने स्पष्ट कर दिया कि वायरल हो रही खबर पूरी तरह अफवाह है।

    कार्यवाहक थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सूचना के कारण लोगों में भ्रम की स्थिति बनी थी, लेकिन जांच में ऐसा कोई हादसा सामने नहीं आया। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और उसे बिना सत्यापन के आगे साझा न करें।

    शाम को डिफेंस के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) ने भी आधिकारिक बयान जारी कर सोशल मीडिया पर चल रही फाइटर जेट क्रैश की खबर को पूरी तरह निराधार और फर्जी बताया। पीआरओ ने कहा कि ऐसी भ्रामक सूचनाओं से बचें और केवल आधिकारिक माध्यमों से जारी जानकारी पर ही भरोसा करें। साथ ही अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की भी बात कही गई।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad