• Breaking News

    काशी के शीतला घाट पर बंद फ्लैट में आग से अफरा-तफरी, फायर ब्रिगेड ने समय रहते बुझाई

    वाराणसी :-
    दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के शीतला घाट स्थित एक बहुमंजिला भवन के बंद फ्लैट में रविवार शाम अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 15 मिनट के भीतर आग पर काबू पा लिया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
    जानकारी के मुताबिक, शाम करीब सात बजे शीतला घाट के पास स्थित भवन के ऊपरी तल से धुआं और आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह एयर कंडीशनर (एसी) में हुए शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है।
    बताया जा रहा है कि जिस फ्लैट में आग लगी, वह लंबे समय से बंद पड़ा था और उसमें कोई रह नहीं रहा था। फ्लैट के भीतर रखा एक बेड और कुछ पुराना सामान आग की चपेट में आकर जल गया। आसपास मौजूद लोगों ने एहतियातन भवन में रहने वालों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
    स्थानीय निवासी महावीर प्रसाद जैपुरिया ने बताया कि घटना के समय वह घर पर नहीं थे, जबकि उनकी पत्नी फ्लैट में मौजूद थीं। पड़ोसियों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उन्होंने बताया कि आग जिस फ्लैट में लगी, वह काफी समय से खाली था और उसमें केवल कुछ पुराना सामान रखा हुआ था। भवन के स्वामी धनमल वर्तमान में रानीपुर में निवास करते हैं।

    सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर तेजी से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से आग आसपास के फ्लैटों, नीचे स्थित दुकानों और समीप के होटल तक नहीं फैल सकी।

    पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला शॉर्ट सर्किट से आग लगने का प्रतीत हो रहा है। घटना में कोई घायल नहीं हुआ है और नुकसान सीमित रहा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

    स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो यह आसपास की दुकानों, होटल और अन्य फ्लैटों तक फैल सकती थी। दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई और लोगों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad