वाराणसी: घर की छत पर टीनशेड में युवती का शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
वाराणसी :- फूलपुर थाना क्षेत्र के बहुतरा नंदलालपुर गांव में सोमवार सुबह एक 20 वर्षीय युवती का शव घर की छत पर बने टीनशेड में संदिग्ध परिस्थितियों में लटका मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान खुशी (20), पुत्री राजकुमार, निवासी बहुतरा नंदलालपुर के रूप में हुई है। वह अपने परिवार में सबसे छोटी संतान थी। उसके पिता मुंबई में ऑटो चलाते हैं और सोमवार सुबह ही काम पर लौटने की तैयारी में थे।
परिजनों के अनुसार रविवार रात पूरा परिवार सामान्य रूप से साथ बैठकर भोजन करने के बाद अपने-अपने कमरों में सो गया। सोमवार सुबह जब खुशी अपने कमरे में नहीं दिखी तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान उसका शव घर की छत पर बने टीनशेड में दुपट्टे के सहारे लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।सूचना पर पहुंची फूलपुर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
फूलपुर थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है।


No comments