• Breaking News

    वाराणसी में मतदान केंद्रों के प्रस्तावित बदलाव का कांग्रेस ने किया विरोध, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

    वाराणसी :- महानगर कांग्रेस कमेटी ने जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों के प्रस्तावित स्थानांतरण का विरोध करते हुए सोमवार को जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अनुपस्थिति में प्रतिनिधिमंडल ने उप जिला निर्वाचन अधिकारी (प्रशासन) पंकज कुमार से मुलाकात कर मतदान केंद्रों के बदलाव के प्रस्ताव पर आपत्ति दर्ज कराई और निष्पक्ष व पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग की।
    महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मतदान केंद्रों का निर्धारण केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि मतदाताओं की सुविधा और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। बिना पर्याप्त कारण वर्षों से संचालित मतदान केंद्रों को स्थानांतरित करने से मतदाताओं को परेशानी होगी और इसका असर मतदान प्रतिशत पर भी पड़ सकता है।
    ज्ञापन में मांग की गई कि सभी पुराने मतदान केंद्रों को यथावत रखा जाए। यदि किसी केंद्र का स्थानांतरण आवश्यक हो तो उसका स्पष्ट कारण सार्वजनिक किया जाए और अंतिम निर्णय लेने से पहले संबंधित क्षेत्र के नागरिकों तथा सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से सुझाव एवं आपत्तियां आमंत्रित की जाएं।

    "मतदान लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव"
    राघवेन्द्र चौबे ने कहा कि मतदान केवल संवैधानिक अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव है। निर्वाचन आयोग की जिम्मेदारी है कि प्रत्येक पात्र मतदाता को बिना किसी कठिनाई के मतदान का अवसर मिले। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों में अचानक बदलाव होने से सबसे अधिक दिक्कत वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं और दूरदराज के मतदाताओं को होगी, जिससे मतदान प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

    उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों का स्थानांतरण केवल वास्तविक आवश्यकता होने पर ही किया जाना चाहिए और उसका आधार पूरी तरह सार्वजनिक होना चाहिए। कांग्रेस ने भरोसा जताया कि जिला निर्वाचन प्रशासन निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और संविधान की भावना के अनुरूप निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्णय लेगा।

    जनहित में संघर्ष जारी रखने का ऐलान

    महानगर कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि यदि मतदाताओं की सुविधा की अनदेखी करते हुए मतदान केंद्रों के स्थानांतरण का निर्णय लिया जाता है तो पार्टी लोकतांत्रिक और संवैधानिक दायरे में रहकर इसका विरोध जारी रखेगी। पार्टी का कहना है कि उसका उद्देश्य किसी प्रकार का टकराव नहीं, बल्कि प्रत्येक मतदाता के अधिकारों की रक्षा और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को सुनिश्चित करना है।

    ये रहे मौजूद

    ज्ञापन सौंपने के दौरान राघवेन्द्र चौबे, फ़साहत हुसैन बाबू, डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, रमजान अली, अशोक सिंह, वकील अंसारी, संतोष चौरसिया, हसन मेहदी कब्बन, अफसर खान, हिमांशु सिंह, विजय देवल, विनीत चौबे, दीप विश्वकर्मा, इकराम, रोहित मौर्य, चंद्रिका मौर्य, आनंद चौबे, अरविंद सेठ, रामजी गुप्ता, आजम अंसारी, घनश्याम यादव, राम लखन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad