• Breaking News

    बंगाल की खाड़ी का असर: वाराणसी में थमा मानसून, बढ़ी उमस; फिलहाल बारिश के आसार नहीं

    वाराणसी :-
    बंगाल की खाड़ी में बने दबाव क्षेत्र के प्रभाव से पूर्वांचल में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। इसका असर वाराणसी में भी साफ दिखाई दे रहा है, जहां बीते कुछ दिनों से उमस भरी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। मौसम में बादलों और धूप की आंख-मिचौली के बीच वातावरण में नमी अधिक होने से दिनभर चिपचिपी गर्मी महसूस की गई।

    सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 1.7 डिग्री कम है। हवा में नमी का स्तर 75 से 80 प्रतिशत के बीच बना रहा, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल सकी।

    मौसम विभाग के अनुसार, वाराणसी में फिलहाल पूरे सप्ताह अच्छी बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि 19 जुलाई के आसपास मौसम में बदलाव के संकेत हैं और उस दिन अच्छी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

    यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, मानसूनी द्रोणी (Monsoon Trough) अपनी सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर खिसककर तराई क्षेत्र में पहुंच गई है। इसके साथ ही प्रदेश में कोई प्रभावी मौसम तंत्र सक्रिय नहीं होने से मानसूनी हवाएं कमजोर पड़ गई हैं। यही वजह है कि अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां सीमित रहेंगी और केवल कुछ स्थानों पर हल्की फुहारें पड़ सकती हैं।

    मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के साथ उमस और गर्मी का असर बना रहेगा। हालांकि बंगाल की खाड़ी में बन रही नई मौसमी गतिविधियां आने वाले दिनों में मानसून के दोबारा सक्रिय होने का संकेत दे रही हैं, जिससे प्रदेश में बारिश का दौर फिर तेज हो सकता है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad