रूस का सबसे गोपनीय विमान ईरान पहुंचा, हवा में रहकर करता है युद्ध संचालन, मिडिल ईस्ट में बढ़ी बेचैनी
क्या है Tu-214PU की खासियत?
Tu-214PU को रूस के शीर्ष राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व के लिए तैयार किया गया है। इसमें सुरक्षित सैटेलाइट कम्युनिकेशन, एन्क्रिप्टेड नेटवर्क, अत्याधुनिक कमांड सिस्टम और इलेक्ट्रॉनिक जामिंग से बचाव जैसी उन्नत तकनीकें मौजूद हैं। यह विमान प्रतिकूल मौसम और आपातकालीन हालात में भी कमांड एंड कंट्रोल संचालन जारी रखने में सक्षम माना जाता है। इसकी अधिकतम रफ्तार करीब 850 किमी प्रति घंटा और उड़ान क्षमता लगभग 6,500–7,000 किलोमीटर तक बताई जाती है।
रूस-ईरान संबंधों पर बढ़ीं चर्चाएं
विशेषज्ञों का मानना है कि इस विमान की मौजूदगी रूस और ईरान के बीच रणनीतिक समन्वय और उच्चस्तरीय संपर्क का संकेत हो सकती है। पिछले कुछ वर्षों में दोनों देशों के बीच रक्षा, तकनीक और सुरक्षा सहयोग लगातार मजबूत हुआ है। ऐसे में Tu-214PU की तेहरान यात्रा को दोनों देशों के करीबी संबंधों के संदर्भ में देखा जा रहा है।
अमेरिका-ईरान तनाव बरकरार
इसी बीच अमेरिका और ईरान के बीच तनाव भी लगातार बढ़ा हुआ है। अमेरिका का कहना है कि उसने ईरान के मिसाइल, ड्रोन और एयर डिफेंस से जुड़े कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। वहीं, ईरान ने भी क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले करने का दावा किया है। दोनों देशों के बीच बढ़ते टकराव के कारण पूरे पश्चिम एशिया की स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है।

No comments