• Breaking News

    वाराणसी में श्रावण मास की तैयारियों का जायजा लेने सड़क पर उतरे पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, कांवड़ यात्रा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश

    वाराणसी :-
    आगामी श्रावण मास में लाखों कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बुधवार को स्वयं सड़क पर उतरकर शहर के प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने Reducing Traffic Congestion (RTC) Scheme के तहत यातायात व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और जनसुविधाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
    पुलिस आयुक्त ने चाँदपुर चौराहा, बौलिया तिराहा, लहरतारा, कैंट स्टेशन, चौकाघाट, आंध्रापुल सहित शहर में प्रवेश करने वाले प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चाँदपुर से बौलिया तिराहे तक निर्माणाधीन सर्विस लेन का जायजा लेते हुए संबंधित विभाग को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि श्रावण मास में कांवड़ यात्रियों और आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
    उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों पर किसी भी प्रकार का यातायात अवरोध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध बस स्टैंड, अनधिकृत वाहन पार्किंग, सड़क किनारे अतिक्रमण और फुटपाथों पर किए गए कब्जों को तत्काल हटाने तथा दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए।

    पुलिस आयुक्त ने रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, प्रमुख चौराहों और कांवड़ यात्रियों की आवाजाही वाले संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन, बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, दिशा-सूचक संकेतक, आपातकालीन सहायता और त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम को और मजबूत करने के निर्देश दिए।

    उन्होंने यह भी कहा कि प्रमुख मार्गों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशन के आसपास संदिग्ध, अनैतिक एवं विधिविरुद्ध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए तथा ऐसे तत्वों के खिलाफ तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रावण मास के दौरान कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारू बनी रहे।
    निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन लिपि नागयाच, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात, सहायक पुलिस आयुक्त रोहनियां, संबंधित यातायात निरीक्षक, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad