संदिग्ध परिस्थितियों में तीसरी मंजिल से गिरी पुलिसकर्मी की पत्नी, इलाज के दौरान तोड़ा दम, पुलिस ने शुरू की गहन जांच
वाराणसी :- शिवपुर थाना क्षेत्र की विवेकपुरम कॉलोनी में बुधवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। चंदौली पुलिस लाइन में तैनात एक हेड कांस्टेबल की पत्नी की तीसरी मंजिल से गिरने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना संदिग्ध परिस्थितियों में होने के कारण पुलिस हर पहलू से जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, बलिया निवासी कमलेश कुमार राय चंदौली पुलिस लाइन में हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं। वह पिछले करीब चार महीनों से अपनी पत्नी सुनीता चौधरी (37) और बेटे के साथ शिवपुर स्थित विवेकपुरम कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहे थे।बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब आठ बजे सुनीता चौधरी अचानक मकान की तीसरी मंजिल से नीचे गिर गईं। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें तत्काल भरलाई स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर शिवपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। वहीं, मृतका के पति कमलेश कुमार राय ने बताया कि वह रात की ड्यूटी पूरी कर चंदौली से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पड़ोसियों का फोन आया, जिससे उन्हें हादसे की जानकारी मिली। उनके अनुसार, संभावना है कि सुनीता छत पर कपड़े सुखाने गई थीं और इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गईं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


No comments