• Breaking News

    वाराणसी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: इंश्योरेंस के नाम पर साइबर ठगी करने वाला गिरोह दबोचा, पांच आरोपी गिरफ्तार

    वाराणसी :-
    साइबर अपराध पर बड़ी कार्रवाई करते हुए वाराणसी साइबर क्राइम थाना पुलिस ने इंश्योरेंस पॉलिसी का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दिल्ली में छापेमारी कर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, नकदी और एक कार बरामद की गई है।
    पुलिस के मुताबिक, वाराणसी के एक व्यक्ति ने 5 मई 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि खुद को एक निजी जीवन बीमा कंपनी का अधिकारी बताने वाले साइबर ठगों ने पॉलिसी पर अधिक लाभ और प्रीमियम से जुड़े फायदे का लालच देकर उससे करीब 12.50 लाख रुपये ठग लिए।
    शिकायत मिलने के बाद पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में साइबर क्राइम की विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से दिल्ली-एनसीआर सहित कई स्थानों पर जांच की गई, जिसके बाद पांच आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया।

    गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिव कुमार गौतम (28), अमन कुमार (20), विष्णु कुमार (21), राहुल कुमार (25) और आलोक सिंह (31) के रूप में हुई है। इनके पास से एक आईफोन, पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 65 हजार रुपये नकद और एक चारपहिया वाहन बरामद हुआ है।
    पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी पुराने बीमा पॉलिसी धारकों की जानकारी जुटाकर उन्हें फोन करते थे। खुद को बीमा कंपनी का कर्मचारी बताकर पॉलिसी अपडेट, बोनस और अधिक रिटर्न का झांसा देकर रकम अपने द्वारा संचालित बैंक खातों में ट्रांसफर कराते थे। इसके बाद पैसों को अलग-अलग खातों में भेजकर नकद निकाल लिया जाता था ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके।

    मामले में साइबर क्राइम थाना, वाराणसी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब आरोपियों के अन्य राज्यों में फैले नेटवर्क और आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

    पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बीमा पॉलिसी से जुड़े किसी भी कॉल, मैसेज या लिंक पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। किसी भी प्रकार का भुगतान केवल संबंधित कंपनी के अधिकृत माध्यम से ही करें और संदेह होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस से संपर्क करें।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad