वाराणसी में बरामदे में सो रहे बीकॉम छात्र पर तेजाब से हमला, हालत गंभीर; पुलिस जांच में जुटी
वाराणसी :- राजातालाब थाना क्षेत्र के वीरभानपुर ओदार गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। घर के बरामदे में सो रहे बीकॉम के छात्र पर देर रात अज्ञात हमलावर ने तेजाब फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। घायल छात्र को परिजन तत्काल निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, वीरभानपुर ओदार निवासी 24 वर्षीय चंद्रेश पटेल बुधवार रात घर के बरामदे में सो रहे थे। तड़के करीब तीन बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन पर तेजाब फेंक दिया। उस समय उन्होंने शरीर पर चादर ओढ़ रखी थी, जिससे शुरुआत में तेजाब चादर पर गिरा, लेकिन कुछ ही देर में वह शरीर तक पहुंच गया और तेज जलन होने लगी। दर्द से उनकी चीख सुनकर परिजन दौड़कर मौके पर पहुंचे।
घायल छात्र को तुरंत भदवर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, तेजाब की वजह से शरीर का कुछ हिस्सा झुलस गया है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है।
घायल के पिता रामनरेश पटेल ने बताया कि चंद्रेश भैरवतालाब स्थित एक कॉलेज में बीकॉम की पढ़ाई कर रहे हैं। परिवार की किसी से कोई पुरानी दुश्मनी या विवाद नहीं है। ऐसे में यह हमला किसने और किस वजह से किया, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और राजातालाब थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और बाद में थाना प्रभारी दयाराम अस्पताल पहुंचकर घायल का बयान दर्ज किया।
पीड़ित के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी दयाराम ने बताया कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

No comments