वाराणसी: स्कूल जाते समय छात्रा लापता, परिजनों ने लगाया अपहरण का आरोप; देर शाम दर्ज हुई एफआईआर
वाराणसी :- शिवपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह स्कूल जा रही 17 वर्षीय छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि कुछ युवक उसे जबरन ऑटो में बैठाकर अपने साथ ले गए। घटना के बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत की। देर शाम मामले में एफआईआर दर्ज की गई और पुलिस छात्रा की तलाश में जुट गई है।
स्कूल के बाहर हुई घटना
चुपेपुर निवासी लखी सोनकर के अनुसार उनकी बेटी शर्मिष्ठा सोनकर (17) अपनी ममेरी बहन तनु सोनकर के साथ रोज की तरह रानी मुरारका इंटर कॉलेज जा रही थी। दोनों यूपी कॉलेज परिसर स्थित स्कूल के गेट के पास पहुंचीं, तभी ऑटो से आए कुछ युवकों ने शर्मिष्ठा को रोक लिया।
परिजनों का आरोप है कि मुख्य आरोपी अनिकेत सोनकर अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा और छात्रा को जबरन ऑटो में बैठाने लगा। विरोध करने पर हाथापाई हुई, लेकिन अन्य युवकों ने भी मिलकर छात्रा को ऑटो में धकेल दिया और मौके से फरार हो गए।
ममेरी बहन ने दी परिवार को सूचना
घटना के बाद तनु स्कूल पहुंची और क्लास टीचर के मोबाइल से परिजनों को पूरी जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार मौके पर पहुंचा और पुलिस से शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने छात्रा की तलाश शुरू की।
देर शाम दर्ज हुआ मुकदमा
परिजनों का आरोप है कि घटना सुबह होने के बावजूद पुलिस ने देर शाम उनकी तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया। उनका यह भी कहना है कि प्रारंभिक शिकायत में लिखे गए कुछ बिंदुओं में बदलाव कराया गया। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और छात्रा की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
हाईस्कूल में रही थी मेधावी छात्रा
परिवार के अनुसार शर्मिष्ठा पढ़ाई में काफी होनहार है और हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने के बाद इस वर्ष इंटरमीडिएट में प्रवेश लिया था। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
देर रात तक छात्रा का पता नहीं चल सका था। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और छात्रा को जल्द सुरक्षित बरामद करने के प्रयास जारी हैं।

No comments