वाराणसी: नमो घाट पर बजड़े से गंगा में कूदी युवती, पीएसी जवानों की सूझबूझ से बची जान
वाराणसी :- आदमपुर थाना क्षेत्र स्थित नमो घाट पर शनिवार दोपहर एक युवती गंगा में गिर गई। ड्यूटी पर मौजूद पीएसी की 36वीं वाहिनी के जवानों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते किए गए इस बचाव अभियान से युवती की जान बच गई। फिलहाल उसका उपचार अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, करीब 24 वर्षीय युवती नमो घाट से शेयरिंग बजड़े के जरिए अस्सी घाट तक गई थी। वापस लौटने के बाद वह नमो घाट स्थित जेटी के पास बजड़े के पहले तल से गंगा में गिर गई। गहरे पानी में जाने के कारण वह डूबने लगी।
घटना होते ही वहां तैनात पीएसी जवान रोहित कुमार कनौजिया और आशुतोष मिश्रा बिना देर किए गंगा में उतरे और युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद उन्होंने नमो घाट चौकी प्रभारी चंदन कुमार को घटना की सूचना दी।
पुलिस और पीएसी कर्मियों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाने की कोशिश की, लेकिन काफी देर तक वाहन नहीं पहुंचने पर युवती की बिगड़ती हालत को देखते हुए उसे ऑटो से श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय चिकित्सालय, कबीरचौरा पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार युवती की स्थिति अब सामान्य है और वह खतरे से बाहर है।
पुलिस की पूछताछ में युवती ने अपना पता बबुरी थाना क्षेत्र, जनपद चंदौली बताया है। उसके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के कारणों का भी पुलिस पता लगा रही है।
घटना के बाद नमो घाट से संचालित बजड़ों और अन्य जलयानों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर नौकाओं का संचालन किया जाता है, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है। वहीं, युवती को सुरक्षित बचाने वाले पीएसी जवानों की तत्परता और साहस की लोगों ने जमकर सराहना की।

No comments