• Breaking News

    सावन से पहले अलर्ट मोड में वाराणसी प्रशासन, कांवर यात्रा मार्ग का डीएम-सीपी ने किया निरीक्षण

    वाराणसी :-
    श्रावण मास में आने वाले लाखों शिवभक्तों की सुरक्षित और सुचारु यात्रा सुनिश्चित करने के लिए वाराणसी जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सतेंद्र कुमार और अपर पुलिस आयुक्त शिव हरि मीणा ने कांवर यात्रा मार्ग का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने वाराणसी-भदोही सीमा से लेकर मिर्जामुराद, राजातालाब और रिंग रोड क्षेत्र तक विभिन्न स्थानों का दौरा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

    निरीक्षण के दौरान मिर्जामुराद के बंगला चट्टी स्थित प्राचीन शिव मंदिर पहुंचे अधिकारियों ने मंदिर परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। यहां कांवरिया सेवा समिति के अध्यक्ष पंडित संतोष त्रिपाठी (पप्पू गुरु) ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना और जलाभिषेक कराया। साथ ही सावन भर संचालित होने वाले सेवा शिविरों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।

    हर वर्ष की तरह इस बार भी प्रयागराज से गंगाजल लेकर काशी विश्वनाथ धाम पहुंचने वाले लाखों कांवरियों की भीड़ को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-19 की एक लेन कांवरियों के लिए सुरक्षित रखने की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों ने गुड़िया बॉर्डर पर रूट डायवर्जन, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की, जबकि राधा-कृष्ण मंदिर, रखौना रिंग रोड और राजातालाब क्षेत्र में विश्राम स्थलों की सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।

    प्रशासन ने ट्रैफिक विभाग को निर्देश दिए कि कांवर यात्रा के दौरान भारी वाहनों का प्रवेश निर्धारित समय पर रोका जाए और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी देने वाले संकेतक स्पष्ट रूप से लगाए जाएं, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो। इसके अलावा सभी प्रमुख पड़ावों पर सीसीटीवी कैमरों की जांच, सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती, सड़क के गड्ढों की तत्काल मरम्मत और स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने के भी निर्देश जारी किए गए।

    निरीक्षण के दौरान एडीसीपी नृपेंद्र, एसडीएम राजातालाब शान्तनु सिनसिनवार, एसीपी वीर सिंह, मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा, राजस्व विभाग, यातायात पुलिस और एनएचएआई के अधिकारी भी मौजूद रहे।

    अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि सावन मेले के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक कांवर यात्रा का अनुभव मिले।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad