• Breaking News

    फूलपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से फर्नीचर कारीगर की मौत, मुआवजे की मांग पर सड़क जाम

    • मोहम्मद रिजवान
    वाराणसी :- फूलपुर थाना क्षेत्र के पिंडरा बाजार में रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक फर्नीचर कारीगर की जान चली गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार सुबह शव को सड़क पर रखकर वाराणसी-जौनपुर मार्ग जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद लोगों ने प्रदर्शन समाप्त किया।

    पुलिस के अनुसार, पिंडरा बाजार निवासी 35 वर्षीय जयप्रकाश विश्वकर्मा उर्फ छोटू देर रात अपने घर के बाहर सड़क किनारे खड़े थे। उसी दौरान फूलपुर की ओर से तेज गति से आ रही एक पिकअप अनियंत्रित होकर पास में खड़ी मैजिक मालवाहक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मैजिक वाहन जयप्रकाश से जा भिड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

    घायल अवस्था में उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

    हादसे से आक्रोशित परिजनों ने मुआवजे और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सोमवार सुबह वाराणसी-जौनपुर मार्ग पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा और फूलपुर थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने समझाइश देकर और सरकारी सहायता का भरोसा दिलाकर जाम खुलवाया।

    प्रशासन ने मृतक के परिवार को किसान दुर्घटना बीमा योजना के तहत पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता, पत्नी को विधवा पेंशन, दोनों बेटियों को इंस्पायर योजना का लाभ दिलाने तथा परिवार के एक सदस्य को अमूल कंपनी में रोजगार दिलाने का आश्वासन दिया है।

    पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया गया है, जबकि चालक हादसे के बाद फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। बताया गया कि पिकअप अमूल दुग्ध प्लांट से दूध लेकर वाराणसी की ओर जा रही थी।

    जयप्रकाश विश्वकर्मा अपने परिवार की आजीविका फर्नीचर का काम करके चलाते थे। वह दो भाइयों में छोटे थे। उनके निधन के बाद पत्नी और दो बेटियों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की जानकारी मिलने पर कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग भी परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad