गुरु पूर्णिमा पर बाबा विश्वनाथ की शरण में पहुंचे सीएम योगी, काशी में की पूजा-अर्चना; सावन व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
वाराणसी :- गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ बुधवार को धर्मनगरी काशी पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले काशी के अधिष्ठाता देव बाबा काल भैरव के मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की प्रार्थना की। इसके बाद श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का विधिवत रुद्राभिषेक एवं पूजन-अर्चन किया।
मुख्यमंत्री के आगमन पर मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने "हर-हर महादेव" के उद्घोष से उनका स्वागत किया। योगी आदित्यनाथ ने भी हाथ जोड़कर श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया और सभी के मंगलमय जीवन की कामना की।
श्री काशी विश्वनाथ धाम में पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने आगामी श्रावण मास को देखते हुए मंदिर प्रशासन और जिला अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सावन में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात, पेयजल, चिकित्सा, दर्शन व्यवस्था तथा अन्य सभी आवश्यक सुविधाओं को पूरी तरह सुचारु रखा जाए, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी आने वाले प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित, व्यवस्थित और सहज दर्शन का अनुभव मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।
दर्शन-पूजन के उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर परिसर में मौजूद बच्चों से भी मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट वितरित कर स्नेह व्यक्त किया, जिससे बच्चे और उनके परिजन काफी उत्साहित दिखाई दिए।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, राज्यसभा सांसद तरुण चुग, समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण सहित प्रशासन एवं मंदिर न्यास के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

No comments