वाराणसी: घर में खाना खाने पहुंचे युवकों पर जेवर और नकदी चोरी करने का आरोप, महिला ने बेटे समेत तीन के खिलाफ दी तहरीर
वाराणसी :- चौबेपुर थाना क्षेत्र के बर्थरा कला गांव से चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने आरोप लगाया है कि घर पर भोजन करने आए उसके बेटे और उसके दो दोस्तों ने मिलकर अलमारी में रखे लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब कर दी। पीड़िता ने तीनों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
बर्थरा कला निवासी संगीता सिंह के अनुसार, 25 जून को उनका बेटा संज्ञान सिंह उर्फ गोलू अपने मित्र अंश चौबे (निवासी मुरीदपुर) और अमन सिंह (निवासी बर्थरा कला) के साथ घर पर भोजन करने आया था। आरोप है कि इसी दौरान तीनों ने मौका पाकर अलमारी में रखे कीमती गहने और नकदी निकाल ली।
पीड़िता का कहना है कि कुछ दिन बाद जब परिवार ने अलमारी खोली तो उसमें रखे जेवर और नकदी गायब मिले। शक होने पर बेटे से पूछताछ की गई। आरोप है कि पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि अलमारी से निकाले गए गहने और रुपये उसने अपने दोनों साथियों अंश चौबे और अमन सिंह को सौंप दिए थे।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद संगीता सिंह ने रविवार को चौबेपुर थाने पहुंचकर बेटे समेत तीनों आरोपितों के खिलाफ लिखित शिकायत दी और मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
मामले में चौबेपुर थाने के सब-इंस्पेक्टर राजेंद्र यादव ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

No comments