• Breaking News

    वाराणसी में सपा का प्रदर्शन, हथकड़ी पहनकर जताया विरोध; कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया

    वाराणसी :-
    दिल्ली में छात्रों के आंदोलन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई, NEET परीक्षा विवाद और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार को वाराणसी में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। विरोध दर्ज कराने के लिए कार्यकर्ता हाथों में प्रतीकात्मक हथकड़ियां पहनकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारे लगाए।
    प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों की मांगों को सुनने के बजाय उन पर बल प्रयोग किया जा रहा है और विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश हो रही है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रतीकात्मक हथकड़ी लोकतांत्रिक अधिकारों पर लगाई जा रही कथित पाबंदियों का संदेश है।
    सपा नेताओं ने NEET परीक्षा से जुड़े विवाद की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
    जिला मुख्यालय पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से निर्धारित नियमों का पालन करने और प्रदर्शन समाप्त करने की अपील की। इसके बावजूद प्रदर्शन जारी रहने पर पुलिस ने कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस वाहनों से थाने भेज दिया।

    प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने कहा कि युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर उनकी पार्टी आगे भी आवाज उठाती रहेगी। उनका कहना था कि जब तक छात्रों की मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती और परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad