जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप: दो पक्षों में लाठी-डंडे चले, नाबालिग से अभद्रता का आरोप; दोनों पक्षों पर मुकदमा दर्ज
वाराणसी :- सारनाथ थाना क्षेत्र के सरायमोहना गांव में जमीन के बंटवारे को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना के दौरान दोनों ओर से लाठी-डंडे चले, जिसमें कई लोग घायल हो गए। एक पक्ष ने 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ अभद्रता और उसके कपड़े फाड़ने का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पहले पक्ष की ओर से नर्मदा पत्नी आकाश ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि मंगलवार शाम करीब 3:30 बजे पड़ोसी विकास, प्रवीण, रामसूरत, विष्णु और छोटू उर्फ राजू उनके घर में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए बाउंड्री और दीवार तोड़नी शुरू कर दी। विरोध करने पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया। शिकायत के अनुसार, हमले में उनकी देवरानी सरिता के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि 14 वर्षीय भतीजी के कपड़े फाड़ दिए गए। महिलाओं के साथ अभद्रता और जबरदस्ती करने का भी आरोप लगाया गया है। इस पक्ष के अनुसार, मारपीट में उनके परिवार के पांच लोग घायल हुए हैं।वहीं दूसरे पक्ष की मंजू साहनी पत्नी छेद्दन ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि आकाश, सनी, नर्मदा, गुड्डू, आयुष और पीयूष ने उनके परिवार पर हमला किया। उनका कहना है कि गाली-गलौज के बाद लाठी-डंडों से मारपीट की गई, जिसमें सूरत, प्रवीण और विकास घायल हो गए।पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चला आ रहा है। स्थानीय स्तर पर पहले भी समझौते और बंटवारे का प्रयास किया गया था, लेकिन विवाद दोबारा उभरने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
सारनाथ थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पूछताछ के लिए दोनों पक्षों से दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




No comments