• Breaking News

    मुंबई-वाराणसी अकासा एयर फ्लाइट में मेडिकल इमरजेंसी, बाबतपुर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग से यात्री की बची जान

    वाराणसी :-
    मुंबई से वाराणसी आ रही अकासा एयर की फ्लाइट में मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक यात्री की उड़ान के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। यात्री को सांस लेने में गंभीर दिक्कत होने लगी, जिसके बाद विमान में मेडिकल इमरजेंसी घोषित करते हुए बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। समय रहते ऑक्सीजन और चिकित्सकीय सहायता मिलने से यात्री की जान बच गई।

    जानकारी के अनुसार, अकासा एयर की फ्लाइट QP-1429 मुंबई से वाराणसी के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के कुछ समय बाद 26 वर्षीय यात्री खुर्शीद आलम की तबीयत अचानक बिगड़ गई। अस्थमा से पीड़ित होने के कारण उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी।
    स्थिति की गंभीरता को देखते हुए केबिन क्रू ने तुरंत यात्री को ऑक्सीजन सपोर्ट उपलब्ध कराया, जिससे उनकी हालत कुछ हद तक स्थिर हुई। इसी दौरान पायलट ने वाराणसी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क कर मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन और मेडिकल टीम को अलर्ट कर दिया गया।

    शाम करीब 7:20 बजे विमान सुरक्षित रूप से वाराणसी एयरपोर्ट पर उतरा। लैंडिंग के तुरंत बाद डॉक्टरों की टीम ने यात्री को एयरपोर्ट के मेडिकल इंस्पेक्शन रूम में पहुंचाकर उपचार शुरू किया। आवश्यक चिकित्सा देने के बाद उनकी स्थिति सामान्य हो गई।

    डॉक्टरों के अनुसार, विमान में समय पर ऑक्सीजन उपलब्ध करा दिए जाने से मरीज की हालत ज्यादा गंभीर नहीं हुई। एयरपोर्ट पर इलाज के बाद स्वास्थ्य पूरी तरह सामान्य होने पर उन्हें आगे की यात्रा की अनुमति दे दी गई।

    एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि मेडिकल इमरजेंसी की सूचना मिलते ही सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सक्रिय कर दी गई थीं। त्वरित कार्रवाई और समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने से यात्री की जान सुरक्षित बचाई जा सकी।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad