वाराणसी में गंगा स्नान के दौरान किशोरी की डूबने से मौत, पुलिस जांच में जुटी
वाराणसी :- लंका थाना क्षेत्र स्थित रविदास घाट के समीप बुधवार सुबह गंगा में डूबने से 15 वर्षीय एक किशोरी की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।मृतका की पहचान नगवां निवासी सिमरन साहनी के रूप में हुई है। उसके पिता भरत साहनी , में माली के पद पर कार्यरत हैं। परिजनों के अनुसार, घटना के समय वह अपनी ड्यूटी पर गए हुए थे। इसी दौरान सिमरन बिना किसी को बताए घर से निकल गई और रविदास घाट के पास पहुंच गई।
परिजनों ने बताया कि किशोरी का मानसिक स्वास्थ्य संबंधी उपचार चल रहा था। उनके अनुसार, वह पहले भी कई बार खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर चुकी थी, लेकिन हर बार समय रहते उसे बचा लिया गया था।स्थानीय लोगों के मुताबिक, किशोरी कुछ देर तक घाट किनारे बैठी रही। वहां मौजूद लोगों ने उसे गंगा में उतरने से मना भी किया था, लेकिन वह अचानक पानी में चली गई। जब लोगों ने उसे डूबते देखा तो उसे बचाने का प्रयास किया गया, हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर लंका थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



No comments