Varanasi Airport: 17 देशों तक एक टिकट में कनेक्टिविटी, फिर भी नहीं बढ़े यात्री; घरेलू उड़ानों में कटौती बनी बड़ी चुनौती
वाराणसी के बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से एयर इंडिया की 'हब एंड स्पोक' सुविधा लागू होने के बाद यात्रियों को दिल्ली के जरिए 17 अंतरराष्ट्रीय शहरों तक एक ही टिकट पर यात्रा की सुविधा मिलने लगी है। इस व्यवस्था से विदेश जाने वाले यात्रियों को पहले की तुलना में बेहतर कनेक्टिविटी मिली है, लेकिन इसका असर यात्रियों की संख्या में अपेक्षित बढ़ोतरी के रूप में अभी तक दिखाई नहीं दिया है।
एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी बढ़ने के बावजूद इन 17 शहरों के लिए वाराणसी से यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या सीमित बनी हुई है। वहीं दूसरी ओर घरेलू उड़ानों में लगातार हो रही कटौती ने आम यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, अहमदाबाद, पुणे और कोलकाता जैसे प्रमुख शहरों के लिए वाराणसी से रोजाना बड़ी संख्या में लोग सफर करते हैं। लेकिन हाल के महीनों में कई एयरलाइनों ने इन रूटों पर उड़ानों की संख्या कम कर दी है। इसका सीधा असर सीटों की उपलब्धता पर पड़ा है, जिससे यात्रियों को समय पर टिकट नहीं मिल पा रही है।
उड़ानों की संख्या घटने से कई प्रमुख रूटों पर हवाई किराये में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यात्रियों का कहना है कि पहले जहां कम कीमत में टिकट आसानी से मिल जाती थी, वहीं अब सीमित उड़ानों के कारण उन्हें अधिक किराया चुकाना पड़ रहा है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी बढ़ने के बावजूद घरेलू उड़ानों की कमी वाराणसी एयरपोर्ट के यात्रियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है।


No comments