वाराणसी में दो सड़क हादसों से मचा हड़कंप: दो कारों की भिड़ंत में 11 घायल, डंपर से टक्कर के बाद कार क्षतिग्रस्त
वाराणसी :- जिले में सोमवार को सड़क हादसों की दो अलग-अलग घटनाओं में कई लोग घायल हो गए। मिर्जामुराद क्षेत्र में दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत में 11 लोग घायल हुए, जबकि राजातालाब में कार और डंपर की टक्कर हो गई। दूसरे हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
मिर्जामुराद में दो कारों की जोरदार टक्कर
पहला हादसा रविवार देर रात करीब दो बजे मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-19 पर कछवा सब्जी मंडी के पास हुआ। प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रही स्कॉर्पियो की सामने से आ रही कार से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे में स्कॉर्पियो सवार प्रयागराज के चका नैनी निवासी आशुतोष ओझा, रणवीर मिश्रा, राजरानी, गया बोध पांडेय, संगीता पांडेय, मीना देवी ओझा, सुषमा मिश्रा, ममता शुक्ला और प्राची मिश्रा समेत 10 लोग घायल हुए। वहीं दूसरी कार के चालक मिर्जापुर के इमामबाड़ा निवासी मोनू पुत्र फारूक अली को भी चोटें आईं।टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मिर्जामुराद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को कछवा स्थित दो निजी अस्पतालों में भर्ती कराया।
दुर्घटना के बाद दोनों वाहन सड़क पर क्षतिग्रस्त हालत में पड़े होने के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो गया।
राजातालाब में कार और डंपर भिड़े
दूसरा हादसा सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे राजातालाब सब्जी मंडी स्थित पेट्रोल पंप के आगे हुआ। यहां कार की डंपर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हालांकि राहत की बात रही कि इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। सूचना मिलते ही राजातालाब पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर किनारे कराया। इसके बाद यातायात व्यवस्था सुचारू हो गई।
पुलिस दोनों घटनाओं की परिस्थितियों की जानकारी जुटाने के साथ आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।


No comments