वाराणसी M.Sc. छात्रा हत्याकांड: पुलिस मुठभेड़ में हत्यारोपी का दोस्त गिरफ्तार, मुख्य आरोपी की तलाश तेज
वाराणसी :- रोहनिया क्षेत्र में M.Sc. छात्रा श्रेया उपाध्याय की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राजातालाब पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए हत्याकांड में वांछित आरोपी पुनीत मिश्रा को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान आरोपी ने टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह वाहन चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का दावा है कि इसी दौरान बाइक सवार पुनीत मिश्रा ने टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने के बाद उसे मौके से पकड़ लिया गया। वहीं, उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।गिरफ्तार आरोपी राजातालाब थाना क्षेत्र के मऊ इलाके का निवासी बताया गया है। पुलिस ने उसके पास से .315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर हत्याकांड से जुड़े अन्य तथ्यों और फरार आरोपियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
मुख्य आरोपी विवेक चौबे अभी फरार
पुलिस के मुताबिक, श्रेया उपाध्याय हत्याकांड का मुख्य आरोपी विवेक चौबे अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। गिरफ्तार पुनीत मिश्रा को मुख्य आरोपी का दोस्त बताया जा रहा है। घटना के बाद से ही वह भी फरार चल रहा था।
20 अगस्त को मिला था छात्रा का शव
श्रेया उपाध्याय का शव 20 अगस्त को रोहनिया के बच्छाव क्षेत्र में बरामद हुआ था। आसपास के लोगों को दुर्गंध आने पर मामले की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। परिवार की ओर से आरोप लगाया गया कि श्रेया की शादी कहीं और तय होने से नाराज मुख्य आरोपी विवेक चौबे ने उसे रोहनिया बुलाया था। आरोप है कि इसके बाद उसकी हत्या कर शव को वहीं छोड़ दिया गया।
श्रेया अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी। उसकी मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार पुनीत से पूछताछ के साथ मुख्य आरोपी विवेक चौबे और फरार साथी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

No comments