• Breaking News

    काशी में फिर झमाझम बारिश, डेढ़ घंटे में 44.5 मिमी बरसा पानी; अगले 3-4 दिन भी राहत के आसार नहीं

    वाराणसी :-
    काशी में एक बार फिर मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। रविवार को दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और शहर के कई इलाकों में तेज बारिश शुरू हो गई। कैंट, लहरतारा, मंडुवाडीह, चौकाघाट, कज्जाकपुरा, पिपलानी कटरा, मैदागिन, महमूरगंज और रोहनिया समेत कई क्षेत्रों में करीब डेढ़ घंटे के भीतर 44.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। तेज बारिश के कारण कई प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
    बारिश के दौरान कुछ इलाकों में जलभराव की स्थिति गंभीर रही, जबकि भेलूपुर, हरहुआ, गोदौलिया और मैदागिन में बारिश के बावजूद पानी अपेक्षाकृत तेजी से निकल गया। मंडुवाडीह में भारी बारिश के कारण सड़क की पटरी का एक हिस्सा धंस गया, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई।
    रविवार को शाम करीब पौने चार बजे तक तेज धूप के कारण गर्मी और उमस बनी हुई थी। इस दौरान अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। बारिश शुरू होने के बाद तापमान में तेजी से गिरावट आई और करीब डेढ़ घंटे में पारा लगभग सात डिग्री लुढ़ककर 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
    बारिश से पहले वातावरण में उमस काफी अधिक थी। हवा करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली, जबकि नमी का स्तर 80 प्रतिशत तक पहुंच गया। इसके बाद हुई तेज बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी, लेकिन कई इलाकों में जलभराव ने नगर व्यवस्था की तैयारियों पर सवाल भी खड़े कर दिए।
    यूपी आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम की गतिविधियां बढ़ी हैं। क्षेत्र में बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से आने वाले तीन से चार दिनों के दौरान अच्छी बारिश होने की संभावना है।
    मौसम विभाग ने मंगलवार को काशी के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान भारी बारिश की आशंका जताई गई है। ऐसे में शहरवासियों को जलभराव वाले रास्तों पर सावधानी बरतने और मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

    No comments

    Post Top Ad

    Post Bottom Ad